खतरनाक स्टंट, यातायात नियमों का उड़ाया माखौल, इंस्टाग्राम पर पोस्ट वीडियो हुआ वायरल

कोरबाशहर की सड़कों पर कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए मोतीसागर पारा के कुछ युवकों ने ऐसा खतरनाक खेल खेला, जिसने आम लोगों को दहशत में डाल दिया। 5 अलग-अलग बाइक पर 3-3 युवक सवार होकर न सिर्फ ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आए, बल्कि बीच सड़क पर जानलेवा स्टंट करते हुए पूरे शहर में दहशत फैलाते रहे।
यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां सीतामढ़ी से लेकर इतवारी बाजार तक इन युवकों का हुड़दंग लगातार चलता रहा। कोई बाइक पर लटककर चल रहा था, तो कोई चलते वाहन पर खड़े होकर स्टंट कर रहा था। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान सड़क पर आम लोग, महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे, जिनकी जान हर पल खतरे में थी। सबसे चौंकाने वाली बात ये कि इस पूरे वीडियो को खुद ही एक युवक ने शूट किया और फिर इंस्टाग्राम पर ‘संजू बाबा नाम की आईडी से पोस्ट भी कर दिया। वीडियो में ‘किंग ऑफ कोरबा मोती सागर पारा जैसे शब्द लिखकर खुलेआम अपनी दबंगई का प्रदर्शन किया गया है। यह घटना कई बड़े सवाल खड़े करती है।
आखिर कोतवाली पुलिस कहां थी जब शहर की सड़कों पर खुलेआम ये जानलेवा स्टंट हो रहे थे? क्या पुलिस की गश्त सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है? अगर इस दौरान कोई बड़ा हादसा हो जाता, तो जिम्मेदार कौन होता? स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ऐसे बेलगाम युवकों पर तत्काल सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, वरना कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सिर्फ जांच की बात करती है या इन ‘स्टंटबाजों पर वाकई सख्त कार्रवाई भी होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *