निजी अस्पताल से शव लेकर जा रही एम्बुलेंस हुई दुर्घटनाग्रस्त, रजगामार रोड स्थित आमाडांड गांव के पास हुआ हादसा


कोरबाएक निजी अस्पताल से शव लेकर जा रही एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा रजगामार रोड स्थित आमाडांड गांव के पास मुख्य मार्ग पर हुआ। एम्बुलेंस कोरबा से रायगढ़ जिले के छाल जा रही थी। हादसे में वाहन में सवार चार लोग बाल-बाल बच गए, जबकि शव वाहन के अंदर ही फंसा रहा।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और वाहन के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने जेसीबी वाहन की मदद से पलटी हुई एम्बुलेंस को सीधा किया। बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस का चालक शराब के नशे में धुत था। तेज रफ्तार के कारण वह सड़क पर पड़ी गिट्टी को देख नहीं पाया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के बाद तत्काल दूसरी एम्बुलेंस बुलाई गई। शव को दूसरे वाहन में स्थानांतरित किया गया। बताया गया कि हादसे के कारण शव के सिर से खून निकलने लगा था। एम्बुलेंस में सवार अन्य लोगों को भी दूसरी एम्बुलेंस में शिफ्ट कर आगे के लिए रवाना किया गया। परिजनों ने चालक को शराब के नशे में गाड़ी चलाने से मना किया था, लेकिन उसने सुरक्षित पहुंचाने का आश्वासन देते हुए वाहन चलाया। जानकारी के अनुसार एम्बुलेंस चालक पहले भी कई बार शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *