दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए रेलवे चला रहा जागरूकता अभियान, सुरक्षा को लेकर रेलवे दे रहा संदेश


कोरबामंडल रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों व आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे ट्रैक पर होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना व अनावश्यक जोखिम से बचाना है।
रेलवे द्वारा आम जनता से अपील की जा रही है कि वे रेलवे पटरी को पार करने, उस पर बैठने, घूमने अथवा सेल्फी लेने जैसी असुरक्षित गतिविधियों से दूर रहें। यह न केवल अत्यंत खतरनाक है, बल्कि कानूनन दंडनीय अपराध भी है। ट्रेनों की तेज गति और उनकी अचानक उपस्थिति के कारण इस प्रकार की लापरवाही गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशनों पर फुट
ओवरब्रिज, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुरक्षित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही आम लोगों के सुरक्षित आवागमन के लिए ओवरब्रिज, अंडरब्रिज की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। रेलवे ने कहा है कि ट्रैक पार करने के लिए केवल इन निर्धारित सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें। रेलवे द्वारा इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, साथ ही सभी स्टेशनों में अनाउंसमेंट के जरिए रेलवे ट्रैक पार न करने के लिए सुरक्षा संदेश, सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर जागरूकता संदेशों का भी प्रसार नियमित रूप से किया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बल व संरक्षा विभाग के कर्मचारियों द्वारा सतर्कता अभियान भी चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में कुछ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में लोगों द्वारा लापरवाहीपूर्वक ट्रैक पार करने या पटरी पर बैठने के कारण जानमाल की हानि हुई है। इन घटनाओं से सीख लेते हुए यह आवश्यक है कि हम सभी मिलकर सुरक्षा नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *