अग्रवाल सभा की नई कार्यकारिणी की कमान किसके हाथ, 21 को होगा फैसला 21 अप्रैल को अग्रसेन भवन में होगा मतदान


कोरबाअग्रवाल सभा कोरबा की नई कार्यकारिणी की कमान किसके हाथ में होगी, यह समाज के 1247 मतदाता तय करेंगे। नई कार्यकारिणी का चुनाव 21 अप्रैल को अग्रसेन भवन में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक होगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 10 अप्रैल को किया जाएगा। 4 अप्रैल को प्रथम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। इसे बुधवार को अग्रसेन भवन के सूचना पटल पर चस्पा कर दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी आशीष खेतान के अनुसार पहले दिन शाम 4 बजे तक किसी भी सदस्य की ओर से किसी नाम पर आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई है। दावा आपत्ति के बाद अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। निर्वाचन प्रक्रिया के अनुसार 19 अप्रैल को नामांकन पत्र बिक्री, नाम निर्देशन, नाम वापसी के बाद इसी दिन प्रत्याशियों की अंतिम सूची सार्वजनिक की जाएगी। अग्रवाल सभा की नई कार्यकारिणी में तीन पदों पर चुनाव होगा, जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व कोषाध्यक्ष शामिल हैं। इसके अलावा अन्य पदों पर निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों को नामित करती है। अग्रवाल सभा के वरिष्ठ सदस्यों की कोशिश है कि सामाजिक चुनाव को शांतिपूर्वक व निर्विरोध कराया जाए। नामांकन प्रक्रिया में प्रत्याशियों की संख्या को देखते हुए वरिष्ठ सदस्य मतदान के अंतिम दिन से पहले तक यह प्रयास करेंगे। अग्रवाल सभा के वरिष्ठ सदस्यों के अनुसार समाज में विवाद की स्थिति नहीं लाना चाहते हैं। चुनाव सादगीपूर्वक हो, यह कोशिश रहेगी। पहले भी कोशिश रही है कि एक पद पर अधिक दावेदार होने पर सर्वसम्मति से चुनाव कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *