दर्री केनाल में तैरते मिली युवक की लाश, डीडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर शव निकाला बाहर

कोरबा- दर्री क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सीएसईबी पावर प्लांट केनाल के पास हसदेव नदी में एक युवक की लाश तैरते दिखी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नही मिली। आखिरकार नगर सेना के डीडीआरएफ की टीम के साथ रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतक के शव को मर्च्युरी में रखवाते हुए पहचान कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि प्रतिदिन की तरह लोगों की आवाजाही चल रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों की नजर पानी में तैर रही लाश पर गई। यह खबर देखते ही देखते क्षेत्र में फैल गई। लोग भारी संख्या मे मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही दर्री पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस शव को बाहर निकालने जुट गई, लेकिन अत्यधिक फिसलन व अंधेरा हो जाने के कारण शव को बाहर निकाल पाना संभव नही था। लिहाजा नगर सेना के डीडीआरएफ को सूचना दी गई। देर शाम डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने टीम के साथ शव को बाहर निकालने रेस्क्यू शुरू कर दिया। आखिरकार घंटों मशक्कत के बाद शव को बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से मृतक के संबंध में पूछताछ की, लेकिन लोगों ने उसे पहचानने से इंकार कर दिया। बहरहाल मृतक के शव को कटघोरा के मर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *