कुएं में गिरे श्वान का RCRS टीम ने किया सफल रेस्क्यू

कोरबा छत्तीसगढ़ – बालको क्षेत्र के गणेश नगर मे उस समय लोगों में हड़कंप मच गया जब एक कुएं से लगातार श्वान (कुत्ते) के रोने और चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। आसपास के लोगों ने जब मौके पर जाकर देखा तो एक श्वान गहरे कुएं में गिरा हुआ था और बाहर निकलने के लिए संघर्ष कर रहा था।

श्वान को सुरक्षित बाहर निकालने का कोई उपाय न सूझने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) अध्यक्ष अविनाश यादव से संपर्क किया। सूचना मिलते ही RCRS के सदस्य अजय गोपाल तिलक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

काफी कठिन परिस्थितियों और जोखिम के बावजूद टीम ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। कड़ी मेहनत के बाद श्वान को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद श्वान पूरी तरह सुरक्षित पाया गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

RCRS टीम ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय रहते सूचना मिलने के कारण एक बेजुबान की जान बचाई जा सकी। टीम ने लोगों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव या पशु के संकट में फंसने पर घबराने के बजाय तुरंत विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

इस सफल रेस्क्यू अभियान के लिए स्थानीय नागरिकों ने RCRS टीम के कार्यों की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया।
इस दौरान RCRS टीम ने लोगों को वन्यजीवों के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि यदि कहीं भी सांप या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे छेड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तुरंत RCRS टीम या वन विभाग को सूचना दें। प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम शीघ्र ही मौके पर पहुंचकर सुरक्षित सहायता प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *