श्री सप्तदेव मंदिर में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया भगवान जगन्नाथ जी का उत्सव एवं रथयात्रा का किया गया भव्य स्वागत

कोरबा- स्थित श्री सप्तदेव मंदिर के श्री श्याम परिसर में निर्मित चारों धामों में से एक पवित्र पुरीधाम में प्रतिष्ठित भगवान श्री जगन्नाथ जी, उनके बड़े भ्राता श्री बलभद्र (बलदाऊ) जी एवं बहन देवी सुभद्रा जी का पावन उत्सव दिनांक 16 जुलाई 2026, गुरुवार को श्रद्धा, भक्तिभाव एवं उल्लास के साथ मनाया गया।
प्रातः 9.00 बजे मंदिर परिसर में भगवान श्री जगन्नाथ जी, श्री बलभद्र जी एवं देवी सुभद्रा जी का वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन किया गया एवं भव्य आतिशबाजियॉ की गई। इस अवसर पर भक्तों ने भगवान के दर्शन कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि तथा विश्व कल्याण की कामना की।
विदित हो कि पुरीधाम में प्रतिवर्ष भगवान श्री जगन्नाथ जी, श्री बलभद्र जी एवं देवी सुभद्रा जी की भव्य रथयात्रा निकाली जाती है, जिसमें देश एवं विदेश से लाखों श्रद्धालु सम्मिलित होकर भगवान के दर्शन का लाभ प्राप्त करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ जी अपने मौसी के घर विश्राम हेतु प्रस्थान करते हैं। इसी कारण यह उत्सव सनातन परंपरा में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आस्था का प्रतीक माना जाता है।
इसी परंपरा एवं धार्मिक भावना के अनुरूप श्री सप्तदेव मंदिर में भी भगवान श्री जगन्नाथ जी, श्री बलभद्र जी एवं देवी सुभद्रा जी की प्रतीकात्मक रथयात्रा निकाली गई। भगवान को सुसज्जित कर मंदिर परिसर की परिक्रमा कराई गई तथा वाहन में नगर भ्रमण कराया गया तत्पश्चात भगवान की पुनः मंदिर में विधिवत स्थापना कर आरती की गई एवं प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर श्री सप्तदेव मंदिर परिवार के प्रमुख ट्रस्टी अशोक मोदी, अमरनाथ अग्रवाल, जगदीश अग्रवाल, किरण मोदी, प्रीति मोदी, प्रेेमा देवी अग्रवाल, संतोष देवी अग्रवाल, सरला मित्तल, सोनू अग्रवाल, ज्योति यादव, शीतल कौर आशीष सिंह घनश्याम मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण एवं भक्तगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंदिर के मुख्य पुजारी श्री नवीन महाराज श्री सोमदत्त महाराज एवं शरद दीक्षित महाराज ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार समस्त धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।
उल्लेखनीय है कि इसी दिन सायं 5.00 बजे कोरबा के सीतामणी एवं पुराना बस स्टैंड स्थित श्री राम मंदिर से निकलने वाली भगवान श्री जगन्नाथ जी, श्री बलभद्र जी एवं देवी सुभद्रा जी की दो-दो रथयात्रा का श्री सप्तदेव मंदिर के समक्ष पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्री सप्तदेव मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी श्री अशोक मोदी ने भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना कर समस्त मानव समाज के सुख, समृद्धि एवं विश्व शांति की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *