भूखे कोबरा ने तोते को बनाया शिकार, RCRS टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

कोरबा- कोरबा के पतर्रीपारा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक भूखा कोबरा घर के बाहर रखे पिंजरे में घुस गया और उसमें मौजूद पालतू तोते को अपना शिकार बना लिया। तोते की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर पहुंचे तो देखा कि एक बड़ा कोबरा पिंजरे के अंदर था। दुर्भाग्यवश, कोबरा के डंसने से तोते की मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद घबराए परिजनों ने तुरंत रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (RCRS) के अध्यक्ष अविनाश यादव को सूचना दी। सूचना मिलते ही अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य मानस के साथ मौके पर पहुंचे। इस बीच कोबरा पिंजरे से निकलकर घर के एक कमरे में जाकर छिप गया था।

RCRS टीम ने पूरी सावधानी और सुरक्षित तरीके से कोबरा का सफल रेस्क्यू किया। रेस्क्यू पूरा होने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। वन्यजीव संरक्षण के नियमों का पालन करते हुए कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास, जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

वन विभाग एवं RCRS की अपील

वन विभाग और RCRS ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि घर, खेत या आसपास किसी भी प्रकार का सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने या छेड़ने का प्रयास करें। तुरंत वन विभाग या RCRS को सूचना दें। प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम शीघ्र मौके पर पहुंचकर वन्यजीव और लोगों—दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *