कोरबा जिले में साक्षरता पखवाड़ा प्रारंभ, पहले दिन दिलाई गई साक्षरता की शपथ

कोरबा, कोरबा जिले में 1सितंबर से साक्षरता पखवाड़ा का शुभारंभ उत्साह के साथ किया गया। पखवाड़े के प्रथम दिन जिले के विभिन्न विकासखंडों, विद्यालयों एवं मुख्य कार्यालयों में साक्षरता शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित कर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत , सीईओ प्रतीक जैन एवं डीईओ टी पी उपाध्याय के दिशा निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के द्वारा आयोजित इस अभियान के तहत शिक्षकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं अन्य सहभागियों ने साक्षरता के प्रसार तथा असाक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। सरकारी कार्यालयों में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कोरबा जिले में साक्षरता पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक नागरिक तक साक्षरता का संदेश पहुंचाना तथा असाक्षर व्यक्तियों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करना है।

इस अभियान के दौरान असाक्षरों की पहचान, घर-घर संपर्क एवं सर्वेक्षण, उल्लास मोबाइल ऐप के माध्यम से नामांकन, साक्षरता चौपाल तथा विद्यालय स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

साक्षरता पखवाड़े के दौरान शिक्षक दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत निबंध, चित्रकला, गीत, वाद-विवाद एवं अन्य प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों एवं नागरिकों को साक्षरता के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही नवाचारी शिक्षण सामग्री प्रदर्शन, वाचन गतिविधियां एवं डिजिटल साक्षरता से संबंधित कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण ने जिले के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है।

जिला परियोजना अधिकारी श्रीमती ज्योति शर्मा ने बताया कि सामूहिक प्रयासों एवं जनभागीदारी से ही कोरबा जिले को पूर्ण साक्षर बनाने के लक्ष्य को साकार किया जा सकेगा। इस अभियान में स्कूल के बच्चों के लिए साक्षरता से संबंधित प्रतियोगिता आयोजित करके कोरबा जिले को साक्षर बनाने का संकल्प लेकर कार्य किया जाएगा। तभी हर नागरिक साक्षर बनेगा, और कोरबा विकसित बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *