
अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के व्यापार एवं उद्योग समिति के राष्ट्रीय संयोजक अशोक मोदी ने बताया कि अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन का ’’अग्र अलंकरण समारोह-2026’ का भव्य आयोजन दिनांक 14 नवंबर 2026, शनिवार को प्रातः 10.00 बजे अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, जनपथ, नई दिल्ली में किया जा रहा है, इस गरिमामय समारोह में परम श्रद्धेय गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा साथ ही दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की गरिमामय उपस्थिति रहेगी जिनके मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम संपन्न होगा।
मोदी ती ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल की अध्यक्षता में किया जाएगा।इस गौरवशाली अवसर पर देश-विदेश में समाज सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, व्यापार, सामाजिक कल्याण एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाली अग्रवाल समाज की विशिष्ट प्रतिभाओं को ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया जाएगा।
इस समारोह का प्रमुख उददेश्य समाज की प्रतिभाओं एवं उपलब्धियों को सम्मानित कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना, समाज की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाना तथा नई पीढ़ी को सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता, एकता एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों के लिए प्रेरित करना है। यह आयोजन समाज की प्रतिभाओं के सम्मान के साथ-साथ समाज की सामूहिक शक्ति, संगठनात्मक एकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रतीक बनेगा।
अशोक मोदी ने अग्रवाल समाज के समस्त बंधुओं, संगठन के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों से इस गौरवशाली आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रतिभाओं का सम्मान करना केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि अग्रवाल समाज की गौरवशाली परंपरा, सेवा भावना, उद्यमशीलता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का सम्मान है।
अंत में उन्होंने समस्त समाजबंधुओं से समारोह में सहभागी बनकर सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने तथा संगठन की एकता, सामाजिक समरसता एवं सामूहिक शक्ति को और अधिक सुदृृढ़ बनाने में अपना योगदान देने का आग्रह किया।
