महाअष्टमी पर मां सर्वमंगला के दरबार में उमड़ी आस्था, हवन-पूजन और कन्या भोज से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर

महानवमी पर होगा जवारों का विसर्जन, मां के दर्शन और जयकारों के लिए उमड़ेंगे श्रद्धालु

कोरबा। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर कोरबा की अधिष्ठात्री देवी मां सर्वमंगला मंदिर में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। हसदेव नदी के तट पर विशाल बरगद के नीचे विराजीं मां सर्वमंगला के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में महाअष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हवन अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ हवन

महाअष्टमी पर मंदिर परिसर में विशेष हवन-पूजन का आयोजन किया गया। मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पांडे के मार्गदर्शन और आचार्यत्व में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां अर्पित कर मां सर्वमंगला से सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।

नौ कन्याओं का पूजन कर कराया गया भोज

हवन अनुष्ठान के पश्चात नवरात्र की परंपरा के अनुरूप कन्या पूजन एवं नवकन्या भोज का आयोजन किया गया। मां दुर्गा के स्वरूप मानी जाने वाली कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें आदरपूर्वक भोजन कराया गया और उपहार भेंट किए गए। राजपुरोहित एवं मंदिर प्रबंधक नमन पांडे ने बताया कि महाअष्टमी पर हवन-पूजन और कन्या भोज का कार्यक्रम पूरी श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महानवमी पर होगा जवारों का विसर्जन

शारदीय नवरात्र के अंतिम चरण में महानवमी के अवसर पर मंदिर में स्थापित जवारों का विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। इसके लिए मंदिर समिति द्वारा आवश्यक तैयारियां की गई हैं। जवारों के विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मां सर्वमंगला के जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच नवरात्र पर्व का समापन धार्मिक परंपराओं के अनुसार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *