


कोरबा, प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी श्री सप्तदेव मंदिर, कोरबा में 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। उत्सव को लेकर मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियाँ जोर-शोर से शुरू हो गई हैं।
मंदिर परिसर में विशाल पंडालों में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं जीवन प्रसंगों पर आधारित आकर्षक और जीवंत चलायमान झाँकियाँ तैयार की जा रही हैं। इनमें श्रीकृष्ण का कारागार में जन्म, वासुदेव जी द्वारा यमुना नदी पार कर उन्हें गोकुल ले जाना, बकासुर वध, कालियानाग मर्दन तथा गोवर्धन पर्वत धारण करने सहित अनेक प्रसंगों को मनोहारी रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
श्रद्धालु इन झाँकियों का दर्शन सायं 6 बजे से रात्रि 12:30 बजे तक कर सकेंगे। इस अवसर पर आदर्श सेवा केंद्र में पूजन सामग्री, रामदेव बाबा के आश्रम में निर्मित उपयोगी सामग्री तथा गीता प्रेस, गोरखपुर की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पुस्तकें भी उपलब्ध रहेंगी।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
3 सितंबर: सायं 3 से 5 बजे तक लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता।
4 सितंबर: दोपहर 3 से सायं 6 बजे तक 0 से 10 वर्ष तक के बच्चों के लिए श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता।
इसी अवसर पर विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस भी मनाया जाएगा।
शुभम गोयल द्वारा सायं 8 से रात्रि 11 बजे तक भजन-कीर्तन की प्रस्तुति।
रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, भव्य आतिशबाजी एवं प्रसाद वितरण।
श्री सप्तदेव मंदिर ट्रस्ट परिवार ने समस्त श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों से आग्रह किया है कि वे 4 सितंबर को मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव एवं सभी धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागी बनें और इस पावन अवसर का पुण्य लाभ अर्जित करें।
