मां दुर्गा के आठवें स्वरूप महागौरी की हुई विशेष पूजा

कोरबा– महाअष्टमी पर गुरुवार को शहर में मंदिरों से लेकर घरों तक में माता का पूजन व महाआरती कर भोग लगाया गया। साथ ही कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोज कराया गया। भक्तों द्वारा कुलदेवी का पूजन भी किया गया। मंदिरों में विशेष श्रृंगार कर मां महागौरी की पूजा की गई। मंदिरों में हवन-अनुष्ठान हुआ। मंदिरों में सुबह से हजारों लोगों ने लाइन में लगकर माता के दर्शन किए। वहीं महाआरती में शामिल हुए। शुक्रवार को भी महानवमी पर भी भक्तों द्वारा माता का पूजन व कन्या भोज का आयोजन किया जाएगा। कई घरों में कुलदेवी का पूजन होगा। मंदिरों में सुबह से विशेष साज-सज्जा के साथ माता का आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही दिनभर कई आयोजन हुए।
चैत्र नवरात्रि पर देवी माता के भक्तों में उत्साह चरम पर है। गुरुवार को मां अंबे के आठवें स्वरूप महागौरी की पूजा अर्चना की, वहीं नवरात्रि के अंतिम दो दिन होने के कारण दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां सर्वमंगला मंदिर, मां भवानी मंदिर, मां मड़वारानी मंदिर, मां महिषासुर मर्दिनी चैतुरगढ़, मां मातिन दाई, मां कोसगाई दाई के दरबार में पहुंचे थे। सर्वमंगला मंदिर में तेज धूप होने के बावजूद दिन भर में हजारों भक्त दर्शन पूजा के लिए पहुंचे थे। वहीं दोपहर बाद देवी दरबारों में हवन अनुष्ठान कराए गए। वहीं नवरात्रि के 9 व तीन दिन तक उपवास रहने वाले देवी के भक्तों ने अपनी सुविधा के अनुसार अष्टमी पर कन्या पूजा की। 9 कन्याओं का श्रृंगार कर उनकी देवी के रूप में पूजा की गई। उन्हें भोजन कराकर उपहार भी दिया गया। साथ ही उनसे सुख समृद्धि का आशीर्वाद व्रतधारियों ने मांगकर अपनी पूजा जारी रखते हुए नवमी के दिन पूर्ण करेंगी। मंदिरों में अष्टमी तिथि पर हवन यज्ञ किया गया। यहां नवरात्रि के प्रथम तिथि प्रतिपदा से ही देवी मां की विशेष पूजा आरती शुरू हो गई थी। वहीं गुरुवार को हवन किया गया। माता की विशेष पूजा 27 मार्च तक जारी रहेगी।
