छ.ग. प्रांतीय अग्रवाल संगठन के द्वारा आयोजित निःशुल्क कन्या विवाह धूमधाम से सम्पन्न सभी समाजों ने की इसकी सराहना

कोरबा – छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा आयोजित निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह समारोह 3 मई 2026, रविवार को रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर में अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। संगठन के प्रांतीय चेयरमेन अशोक मोदी एवं प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस सामाजिक एवं मानवीय पहल की सभी समाजों एवं वर्गों के लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की। इस आयोजन में पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश से कुल 51 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे, जिनमें कोरबा जिले से 5 जोड़े भी शामिल रहे। विवाह पूरे वैदिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ संपन्न कराए गए।


कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल एवं बसना विधायक संपत अग्रवाल की विशेष उपस्थिति रही। दोनों अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की। समारोह में बड़ी संख्या में समाजसेवी, गणमान्य नागरिक, महिला एवं पुरुष सदस्य उपस्थित रहे।
संगठन के प्रांतीय चेयरमेन अशोक मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन की तैयारी पिछले तीन माह से लगातार की जा रही थी। विवाह हेतु ऐसे जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का चयन किया गया, जिन्हें वास्तव में सहयोग की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, सहयोग एवं सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसमें संगठन के प्रत्येक सदस्य ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
संगठन द्वारा नवविवाहित दंपतियों को गृहस्थ जीवन की आवश्यक सामग्रियां भी भेंट की गईं। इनमें पलंग, गद्दा, रजाई, चादर, तकिया, अलमारी, प्रेशर कूकर, अन्य घरेलू बर्तनें, सूटकेस, बैग, मिठाइयॉ, फल एवं श्री रामचरित मानस शामिल थे। वहीं वधुओं को पाजेब एवं बिछिया तथा वरों को शेरवानी, पगड़ी एवं दुपट्टा प्रदान किया गया।
इस आयोजन की सबसे भावुक एवं प्रेरणादायक बात यह रही कि संगठन के महिला एवं पुरुष पदाधिकारियों ने स्वयं नवविवाहित जोड़ों के माता-पिता की भूमिका निभाते हुए कन्यादान किया। पूरे वातावरण में आत्मीयता एवं पारिवारिक भावनाओं की झलक दिखाई दी। महिलाओं द्वारा गीत एवं भजनों के माध्यम से बेटियों की विदाई की गई, जिससे समारोह अत्यंत मार्मिक एवं भावुक हो गया।
इस शुभ अवसर पर संगठन के संरक्षक सियाराम अग्रवाल, जयदेव सिंघानिया, महेन्द्र सक्सेरिया, ईश्वर प्रसाद, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुधीर बंसल, अनिल अग्रवाल, गोपाल सुल्तानिया, महामंत्री मनोज अग्रवाल,प्रप्रांतीय महिला अध्यक्ष अनिता अग्रवाल, महिला उपाध्यक्ष मंजू अग्रवाल, मंगल परिणय आयोग की संयोजिका शोभा केडिया सहित कोरबा से बजरंग अग्रवाल, अमरनाथ अग्रवाल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, भगवती प्रसाद गोयनका एवं प्रीति मोदी सहित अनेक पदाधिकारीगण एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया।
अशोक मोदी ने बताया कि संगठन के द्वारा पूर्व में भी इस प्रकार के सामूहिक विवाह का आयोजन सफलतापूर्वक किया जा चुका है। ऐसे आयोजनों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलती है तथा कई युवक-युवतियों का विवाह बिना किसी आर्थिक बोझ के संपन्न हो पाता है। उन्होंने कहा कि अन्य समाजों को भी इस प्रकार के प्रेरणादायी आयोजन करने चाहिए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को सहयोग मिल सके। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा, संवेदनशीलता एवं मानवीय मूल्यों का सशक्त उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *