नग्न कर युवक की पिटाई, वीडियो वायरल, दर्री थाना क्षेत्र की बताई जा रही घटना


कोरबाजिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी कावेरी विहार कॉलोनी में इंसानियत शर्मसार हो गई। एक युवक को नग्न कर सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। उसे उसके गुनाह के लिए पुलिस को सौंपा जा सकता था, लेकिन कानून अपने हाथ में ले लिया गया।

जानकारी के अनुसार जिस युवक की पिटाई की गई है, उसका नाम अमरदास बताया जा रहा है। वह कावेरी विहार के सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। उसकी पत्नी अधिकारियों के घरों में साफ-सफाई का काम करती है। बताया जा रहा है कि अमरदास शराब का आदी है। नशे की हालत में उसने अपने एक परिचित की बाइक ले ली थी और शराब पीने चला गया। वह वापस तो लौटा, लेकिन बाइक लेकर नहीं आया। आरोप है कि उसने बाइक बेच दी थी। बाइक वापस न लाने पर जिसके पास से बाइक ली गई थी, उसने अमरदास की जमकर पिटाई की। उसे कपड़े उतारकर नग्न कर दिया गया और सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। राहगीरों ने जब यह देखा तो उन्होंने युवक को रुकवाया और घटना की जानकारी ली। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। युवक खून से लथपथ इधर-उधर भागने लगा। कॉलोनी के लोगों ने उसे कहीं और जाने के लिए कहा। यह घटना लगभग एक सप्ताह पहले की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि इस मामले में पुलिस के पास अब तक कोई शिकायत नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *