गणेश कुलदीप दोबारा चुने गए अधिवक्ता संघ अध्यक्ष निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजय जायसवाल को 20 वोट से हराया

कोरबा- जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में गणेश कुलदीप फिर अध्यक्ष के पद पर निर्वाचित हुए। मतगणना के बाद सोमवार रात परिणाम की घोषणा हुई। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजय जायसवाल को 20 वोट से हराया। जीत के बाद गणेश कुलदीप लगातार दो बार अध्यक्ष बने हैं। वहीं संघ में वे तीसरे बार उक्त पद पर निर्वाचित हुए हैं।
जिला अधिवक्ता संघ के दो वर्षीय कार्यकाल के लिए रविवार को चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इसके दूसरे दिन निर्धारित समय पर मतों की गिनती शुरू की गई। दोपहर तक हुए गिनती के बाद चुनकर आए कार्यकारिणी सदस्यों के नामों की घोषण की गई। इसके साथ ही देर – शाम तक सचिव, सह सचिव, ग्रंथालय सचिव, कोषाध्यक्ष व महिला उपाध्यक्ष के नामों की भी घोषणा कर दी गई। देर रात तक आए परिणाम के बाद अध्यक्ष के पद पर जीत हासिल करने वाले प्रत्याशी का नाम भी साफ हो गया। इस बार भी गणेश कुलदीप के सिर अध्यक्ष का ताज सजा है। जिला अधिवक्ता संघ के द्विवर्षीय कार्यकाल के लिए 12 अप्रैल को चुनाव की तिथि निर्धारित की गई थी। निधर्धारित तिथि में सुबह 8.30 बजे से ही अध्यक्ष सहित पांच पदों पर मतदान की प्रक्रिया शुरू की गई, जो शाम बार बजे तक चलती रही। इस बार 813 मतदाताओं में 757 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतपेटी को बार रूम में ही सुरक्षित रखा गया था। अधिवक्ता चुनाव परिणाम जानने उत्सुक थे। सोमवार की सुबह से ही जिला न्यायालय स्थित मतदान केन्द्र के बाहर अधिवक्ताओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। चुनाव अधिकारी ने अपने सहयोगियों के साथ सुबह करीब 9 बजे से मतों की गिनती प्रक्रिया शुरू की। इसके साथ ही दोपहर उपरांत परिणाम
आने का सिलसिला शुरू हो गया। पहले चरण में कार्यकारिणी सदस्य के लिए जीत हासिल करने वाले अधिवक्ताओं के नामों की घोषणा की। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में करमचंद्र प्रजापति ने 556, शिवकुमार साहू 563, श्रवण कुमार 548, अरुण कुमार 512 व स्वप्निल शर्मा 459 मत हासिल कर जीत दर्ज की। इसी तरह 313 मतों के साथ क्रान्ति श्रीवास ग्रंथालय सचिव चुने गए। वहीं अमरनाथ कौशिक ने कोषाध्यक्ष पद पर 412 मतों के साथ कब्जा जमाया, जबकि सह सचिव महिला के पद पर माधुरी बोराई चुनी गई। उन्हें कुल 513 मत प्राप्त हुए। सह सचिव पुरुष के पद पर 457 मत हासिल करने वाले रवि भगत के नाम की घोषणा की गई। देर शाम तक महिला उपाध्यक्ष व सचिव के पद पर चुनाव लड़ रहे अधिवक्ताओं का परिणाम भी सामने आ गया। जिला अधिवक्ता संघ के सचिव पद पर सुनील यादव ने 342 मत हासिल कर जीत दर्ज की है। वहीं महिला उपाध्यक्ष के पद पर 276 मत हासिल करते हुए उर्मिला भगत चुनी गई है। उपाध्यक्ष पुरूष पद पर रविकुमार शर्मा विजयी घोषित किए गए। देर रात तक चली गिनती के बाद अध्यक्ष के पद के लिए मतों की गिनती पूरी कर ली गई। इस बार भी अधिवक्ता संघ अध्यक्ष के रूप में गणेश कुलदीप चुने गए हैं। उन्होंने 293 मत हासिल करते हुए निकटतम प्रतिद्वंदी संजय जायसवाल को 20 मतों से शिकस्त दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *