
कोरबा। जिले में सड़क हादसा थमने का नाम नही ले रहा। कटघोरा-ढेलवांडीह मार्ग में एक बार फिर तेज रफ्तार आयचर (मिनी ट्रक) के चालक ने बुलेट को चपेट में ले लिया। हादसे में बुलेट सवार को गंभीर चोटें आई। उसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्ती कार्रवाई शुरू की। इस दौरान उसकी पहचान एसईसीएल के माइनिंग सरदार के रूप में हुई। मामले में पुलिस ने दुर्घटनाकारित वाहन को जब्त कर लिया है।
बताया जा रहा है कि कटघोरा थानांतर्गत एसईसीएल के ढेलवांडीह स्थित आवासीय परिसर में आशुतोष कुमार सिंह 28 वर्ष निवास करता था। वह एसईसीएल में माइनिंग सरदार के पद पर कार्यरत था। माइनिंग सरदार अपनी बुलेट क्रमांक 25 बीएच 4335 जे में सवार होकर खाना खाने के लिए कटघोरा जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे आयचर वाहन क्रमांक एमएच 27 बीएक्स 7925 के चालक ने बुलेट को चपेट में ले लिया। आयचर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह बुलेट को ठोकर मारने के बाद सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। हादसे में बुलेट सवार माइनिंग सरदार को गंभीर चोटें आई। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल माइनिंग सरदार को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रवाना कर दिया। उसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए मृतक के शव को पीएम उपरांत परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाकारित वाहन को जब्त करते हुए आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
