रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया ने कई ग्रामों में मनाई बाबा साहेब की जयंती, कथरीमाल में प्रतिमा का किया अनावरण

कोरबा- रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक फूलसिंह राठिया ने क्षेत्र के विभिन्न ग्राम—नोनबिर्रा, केराकछार (रजगामार), बेन्दरकोना, कथरीमाल, बरपाली, खोड्डल एवं सरगबुंदिया—का दौरा कर डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

विधायक फूलसिंह राठिया ने इस दौरान आयोजित सभाओं में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और भारतीय संविधान निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के आदर्श आज भी समाज को समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देते हैं।

ग्राम कथरीमाल में विधायक फूल सिंह राठिया के मुख्य आतिथ्य में बाबा साहेब की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विधायक फूलसिंह राठिया ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि देश को एकजुट रखने वाली मजबूत नींव है। उन्होंने सभी नागरिकों से संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में उतारने और समाज में समानता व भाईचारे को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। विधायक के दौरे से पूरे क्षेत्र में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *