
कोरबा- शहर में इस बार अप्रैल की गर्मी ने जल्दी ही तेवर दिखा दिए हैं। आधा महीना ही बीता है और पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे और ज्यादा मुश्किल भरे बताए हैं और 19 अप्रैल तक लू चलने का अलर्ट जारी किया है। इस बीच तापमान 3-4 डिग्री और बढ़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक संभाग में एंटी-साइक्लोन (प्रति चक्रवात) बना हुआ है। इसकी वजह से हवा में नमी खत्म हो रही है और सूरज की तपिश सीधे जमीन पर असर कर रही है। यही कारण है कि गर्मी तेजी से बढ़ रही है और फिलहाल बारिश के कोई संकेत नहीं हैं।
औद्योगिक नगरी में सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू होने की संभावना है, लेकिन इससे उमस बढ़ेगी, तापमान में विशेष गिरावट नहीं आएगी। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर 12 बजे के बाद भीषण गर्मी शुरू हो रही है। मौसम केंद्र ने हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी कर लोगों को बिना काम के घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। अधिकतम के साथ अब न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। रात का पारा 25 डिग्री तक पहुंचने से अब रात में भी चैन नहीं मिल रहा है। लोगों को हीट वेव से बचने के लिए दोपहर में निकलने पर सिर और कान को कपड़े से ढंककर रखने की सलाह दी गई है। इसके अलावा शरीर में पानी की कमी न होने दें, ओआरएस या नींबू पानी का सेवन करें। गहरे रंग के कपड़ों के बजाय सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनें। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अरब सागर से आ रही नमी के कारण बदली छाई रहेगी। हालांकि बादल बारिश वाले न होकर केवल ऊपरी स्तर के होंगे, जिससे ग्रीन हाउस इफेक्ट बनेगा और गर्मी कम होने के बजाय और ज्यादा महसूस होगी। आगामी दो दिनों तक लू चलने की आशंका बनी हुई है।
इसलिए बढ़ रही इतनी गर्मी
0 कर्नाटक-महाराष्ट्र के ऊपर प्रति चक्रवात सक्रिय
0 हवा नीचे दब रही, नमी खत्म हो रही
0 धूप का असर सीधे जमीन पर पड़ रहा
0 द्रोणिका है, लेकिन राहत देने की स्थिति में नहीं
लू से बचाव के उपाय
0 प्यास न लगे तब भी पानी पीते रहें
0 ओआरएस, लस्सी या नींबू पानी लें
0 दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर न निकलें
0 हल्के और सूती कपड़े पहनें
0 लू लगने पर तुरंत ठंडा पानी दें और अस्पताल ले जाएं।
भीषण गर्मी का असर, 15 जून तक बंद रहेंगे स्कूल
इन दिनों पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। किसी-किसी जिले में लू का असर भी देखा जा रहा है। स्कूली बच्चों पर गर्मी के कारण पड़ने वाले विपरीत असर को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग, रायपुर के अवर सचिव आरपी वर्मा ने 20 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिए हैं। ग्रीष्मकालीन अवकाश 15 जून तक जारी रहेगी। यह आदेश शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त स्कूलों में लागू रहेगा। ज्ञात हो कि पहले यह अवकाश 1 मई से 15 जून तक निर्धारित था, लेकिन वर्तमान में लगातार बढ़ते तापमान और लू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए अवकाश को पहले लागू करने का निर्णय ले लिया है। आदेश में यह भी कहा है कि यह छुट्टी छात्रों के लिए लागू होगी, जबकि शिक्षकों पर यह आदेश लागू नहीं होगा। अर्थात स्कूल अवधि में शिक्षकों को अपने-अपने स्कूलों में उपस्थित रहना होगा। साथ ही पहले जारी 22 सितंबर 2025 के आदेश की अन्य शर्तें भी यथावत रखी हैं। स्कूल शिक्षा विभाग ने यह आदेश 16 अप्रैल गुरुवार को जारी किए हैं।
