
कोरबा- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बीते वर्षों में की तुलना में इस बार परीक्षाएं 10 दिन पहले आयोजित की गई थी। जो परीक्षा 1 मार्च से शुरू होती थी, अप्रैल तक चलती थी, वह इस बार 20 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च तक पूरी करा ली गई है। इतना ही नहीं, मूल्यांकन पूर्व में 15 अप्रैल के बाद शुरू होता था, वह इस बार 16 मार्च से ही शुरू करा दिया था। इसके कारण माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा रिजल्ट जारी करने में इस बार विलंब करने की संभावना नहीं के बराबर है। इतना ही नहीं, 1 मई से जनगणना का कार्य शुरू हो जाएगा। इसके चलते परीक्षा परिणाम अप्रैल में ही जारी करने की तैयारी है।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस बार 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से शुरू कर दी थी। परीक्षा समाप्त होने के साथ ही 16 मार्च से कॉपियों का मूल्यांकन भी शुरू करा दिया था। कक्षा 12वीं के हिन्दी विषय का परचा लीक होने के कारण परीक्षा दोबारा आयोजित करनी पड़ी। इसके बाद भी दोनों ही कक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन पूरा कर लिया गया। जिले में मूल्यांकन के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा करीब डेढ़ लाख कॉपियां भेजी थीं। मंडल द्वारा दिए गए समय में मूल्यांकन कर मूल्यांकित कॉपियों का रिकार्ड मंडल को ऑनलाइन प्रेषित भी कर दिए हैं। इसी के साथ ही मंडल द्वारा परीक्षा परिणाम की घोषणा जल्द करने की तैयारी शुरू कर दी है। शिक्षा विभाग से जुड़े सूत्रों की मानें तो परीक्षा परिणाम 25 से 30 अप्रैल के बीच कभी भी घोषित कर दिया जाएगा। हाई स्कूल की कक्षा 10वीं और हायर सेकेंडरी की कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में जिले से 22 हजार 287 छात्र-छात्राएं शामिल हुए हैं। इसमें 10वीं कक्षा से 12 हजार 771 तो 13वीं कक्षा के परीक्षार्थियों की संख्या 9 हजार 516 है। परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राओं को भी रिजल्ट जानने का बेसब्री से इंतजार है। बहरहाल देखना होगा कि इस बार जारी होने वाले परीक्षा परिणाम के बाद जिले के छात्रों की क्या स्थिति प्रदेश में बनती है।
