हाथियों की तीसरी आंख से निगरानी की तैयारी, प्रमुख मार्गों पर लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे

कोरबा- हाईवे पर कटघोरा-अंबिकापुर हाथियों का झुंड पहुंच जाता है। इसकी वजह से कई बार आवाजाही प्रभावित होती है। यही नहीं, अचानक हाईवे पर हाथियों के आने से लोग भी सतर्क नहीं हो पाते। वन अमले को भी इससे परेशानी होती है। इसी वजह से कापा नवापारा, रोदे में कैमरे लगाए जाएंगे। पसान रेंज के मुख्य मार्ग पर भी कैमरे लगेंगे।
वन मंडल कटघोरा ने प्रमुख मार्गों पर हाथियों की निगरानी के लिए कैमरे लगाने की योजना बनाई है। अंबिकापुर हाईवे के साथ ही पसान रेंज के लिए जगह चिन्हित की गई है। इससे लोगों को अलर्ट करने में मदद मिलेगी। जिससे हाथियों की मूवमेंट की जानकारी पहले से मिल जाएगी। इसके बाद लोगों को पहले से ही सतर्क कर दिया जाएगा। मूवमेंट के आधार पर वन अमला भी सतर्क रहेगा। वन मंडल में अभी 49 हाथी घूम रहे हैं। दंतैल हाथी अकेला है। बाकी हाथी जटगा रेंज के जंगल में हैं। वन मंडल कोरबा के कुदमुरा रेंज में घूम रहे दंतैल हाथी ने गीतकुंवारी में 6 किसानों की धान की फसल को चौपट कर दिया। ग्रामीण सुबह खेत पहुंचे तो इसकी जानकारी हुई। वन विभाग को इसकी सूचना दी है। इधर कटघोरा वन मंडल में घूम रहा दंतैल हाथी भी केंदई रेंज के कोरबी की ओर बढ़ गया है। दंतैल वन मंडल में अकेला घूम रहा है। इसके वापस जाने की संभावना है। कुदमुरा रेंज की सीमा धरमजयगढ़ वन मंडल से लगी हुई है। इस वजह से हाथी कभी भी इस क्षेत्र में पहुंच जाते हैं। वन विभाग की टीम को सीमा क्षेत्र में निगरानी रखने कहा है। भीषण गर्मी की वजह से हाथी अभी नदी-नालों के किनारे अधिक रहते हैं। नाला किनारे ही क्षेत्र में धान की फसल लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *