

कोरबा – श्री सप्तदेव मंदिर कोरबा में दिनांक 23 अप्रैल 2026 गुरुवार को आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के साधकों द्वारा रात्रि 7.30 बजे से 8.30 बजे तक एक भव्य, सत्संग समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ जिसमें बड़ी संख्या में आर्ट ऑफ लिविंग के साधकों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, ध्यान एवं आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक शांति का अनुभव प्राप्त हुआ। वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक एवं भक्तिमय बना रहा, जिससे सभी उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो उठे।
कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग के साधक मेदिनी मिश्रा, अमित चौबे, संदीप शर्मा, महावीर अग्रवाल श्री सप्तदेव मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी राजा मोदी, अमरनाथ अग्रवाल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, प्रेमा अग्रवाल, संतोष देवी अग्रवाल, प्रीति मोदी, शिखा मोदी, उमा बंसल, निकिता मोदी, चैतन्य मोदी, वेदांत मोदी, श्रेया मोदी श्री सप्तदेव मंदिर महिला मंडल की अध्यक्षा सरला मित्तल की गरिमामय उपस्थिति थी।
श्री सप्तदेव मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी अशोक मोदी जी ने इस अवसर पर उपस्थित कोरबा नगर के समस्त गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि संभवतः पूरे छत्तीसगढ़ मे प्रतिष्ठित 12 ज्योर्तिलिंग सिर्फ कोरबा के श्री सप्तदेव मंदिर में है तथा उन्होने आग्रह किया कि इन 12 ज्योर्तिलिंगों के दर्शन हेतु अपने परिवारजनों के साथ आकर इसके नित्य पूजन एवं दर्शन करें। मोदी जी ने बताया कि इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजन से मन एकाग्र होता है एवं आत्मिय शांति का अनुभव होता है।
24 अप्रैल 2026, शुक्रवार को श्री श्री रविशंकर जी के आर्ट ऑफ लिविंग साधकों द्वारा सोमनाथ से ज्योतिर्लिंग का पावन स्वरूप कोरबा लाया जा रहा है। यह दिव्य ज्योतिर्लिंग कोरबा के ओपन थिएटर, घंटाघर में सायं 6.00 बजे से 9.00 बजे तक दर्शन हेतु उपलब्ध रहेगा। कृप्या अधिक से अधिक की संख्या में पध्धरकर इसके पुण्य दर्शन करें एवं इसकी जानकारी अन्य सभी लोगों को भी देवें।

