
कोरबा- जिले के धान उपार्जन केन्द्रों से धान का उठाव पूर्ण हो चुका है। दूसरी ओर अखरापाली फड़ में लगभग अभी भी 400 से 500 कट्टी धान उठाव शेष है। खुले में पड़े धान की कोई सुध लेने वाला नहीं है। जिससे धान के खराब होने का खतरा बना हुआ है।
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति अखरापाली में अभी भी 400 से 500 कट्टी धान का उठाव होना बाकी है। एक तहफ पूरे जिले में धान का उठाव हो चुका है, इसके बावजूद अखरापाली धान खरीदी केंद्र में अव्यवस्थित तरीके से पूरे फड़ में धान की बोरियां फैली हुई है। खरीदी केन्द्र में इस वर्ष लगभग 61660 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। केन्द्र में अब तक पड़े धान को लेकर पूछे गए सवाल पर जिला विपणन अधिकारी ऋतुराज देवांगन का कहना है कि केन्द्र में रखा गया धान मिलर्स का है। धान को साफ सफाई की आवश्यकता है। साफ सफाई के बाद उसका उठाव पूर्ण कर लिया जाएगा। वजह चाहे जो भी हो, अव्यवस्थित ढंग से पड़े धान के खराब होने का खतरा बना हुआ है।
