अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्री सप्तदेव मंदिर में योग साधना कार्यक्रम


कोरबाअंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कृष्णा ग्रुप कोरबा, सप्तदेव सेवा समिति कोरबा, छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन महिला मंडल समिति, श्री सप्तदेव मंदिर महिला मंडल समिति कोरबा तथा कोरबा मारवाड़ी महिला मंडल समिति के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 21 जून 2026 (रविवार) को प्रातः 11:00 बजे श्री सप्तदेव मंदिर परिसर में विशेष योग साधना कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
इस अवसर पर कृष्णा ग्रुप कोरबा के सदस्य, नगर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में योग प्रेमी सहभागी होंगे।
कोरबा नगर के लिए यह अत्यंत गर्व और गौरव का विषय है कि नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी, राजनीतिक, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक मोदी के अथक एवं भागीरथी प्रयासों से वर्ष 2007 में योग गुरु स्वामी रामदेव के पांच दिवसीय विशाल योग शिविर का सफल आयोजन कोरबा में किया गया था। इस ऐतिहासिक शिविर में न केवल कोरबा नगर, बल्कि आसपास के अनेक जिलों से भी हजारों लोगों ने सहभागिता की थी। साथ ही दूरदर्शन एवं अन्य माध्यमों से लाखों लोगों ने योग का लाभ प्राप्त किया। उक्त शिविर के परिणामस्वरूप कोरबा में योग के प्रति व्यापक जागरूकता उत्पन्न हुई और आज नगर में हजारों प्रशिक्षित योग साधक एवं योग प्रशिक्षक विभिन्न स्थानों पर योग का प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
इसी क्रम में अशोक मोदी ने समस्त नगरवासियों से आग्रह किया है कि वे 21 जून को श्री सप्तदेव मंदिर में आयोजित योग साधना कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ, निरोग एवं संतुलित जीवन की दिशा में एक सार्थक कदम बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का प्रभावी माध्यम है, जो व्यक्ति को सकारात्मक, ऊर्जावान और स्वस्थ जीवन प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *