सजग कोरबा – सतर्क कोरबा अभियान के तहत पुलिस की सघन बाइक पेट्रोलिंग एवं चेकिंग, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ी निगरानी, अड्डेबाजी एवं असामाजिक तत्वों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

कोरबा पुलिस द्वारा सजग कोरबा – सतर्क कोरबा अभियान के अंतर्गत शहर में अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से संवेदनशील क्षेत्रों में सघन बाइक पेट्रोलिंग एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

बाइक पेट्रोलिंग का मुख्य उद्देश्य ऐसे स्थानों तक पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करना है, जहां बड़े वाहन या चार पहिया वाहन आसानी से नहीं पहुंच पाते। बाइक के माध्यम से संकरी गलियों, अंदरूनी एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों, अड्डेबाजी करने वाले व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के तहत थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र के _डिगापुर, सिंगापुर, टीपी नगर चौक_ एवं थाना कोतवाली क्षेत्र के _राताखार, रामसागरपारा, मोतीसागरपारा, पुरानी बस्ती, सीतामढ़ी, इमलीडुग्गू, रेलवे स्टेशन, संजय नगर सहित_ अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस टीम द्वारा लगातार भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं अड्डेबाजी वाले स्थानों की जांच की गई।

पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए 03 संदेहियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धारा 128 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई, 01 व्यक्ति के विरुद्ध धारा 36(च) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चेकिंग के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहन एवं बिना नंबर प्लेट वाहन के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।

कोरबा पुलिस द्वारा असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए इस प्रकार की बाइक पेट्रोलिंग एवं चेकिंग कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अड्डेबाजी या अवैधानिक कार्य की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *