
कोरबा– जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में बदलाव होगा। स्वास्थ्य विभाग की नई पहल के तहत अब जिले के सरकारी अस्पतालों में अटल आरोग्य केंद्र की बनाएं जाएंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के गरीब मरीजों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं और सटीक जांच रिपोर्ट उनके घर तक पहुंचाना है।
अटल आरोग्य केंद्र असल में एक हाई-टेक डायग्नोस्टिक लैब व परामर्श केंद्र होगा। वर्तमान में जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए इन केंद्रों को डिजाइन किया जाएगा। केन्द्र में न केवल गंभीर बीमारियों की जांच होगी, बल्कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से मरीजों के स्वास्थ्य का डेटा भी सुरक्षित रखा जाएगा। पहले इन केंद्रों का विस्तार जिला अस्पताल सहित प्रमुख सीएचसी, अन्य ग्रामीण व नगर पंचायत के आस पास के संचालित पीएचसी सेंटर में किया जाएगा। सेंटर में खून, पेशाब, शुगर, कोलेस्ट्रॉल, थायराइड व मलेरिया सहित अन्य जांचों के अलावा विशेष हार्मोनल टेस्ट भी किए जा सकेंगे। यहां महंगी जांच से परेशान लोगों को राहत मिलेगी। हर मरीज की एक हेल्थ आईडी बनाई जाएगी, जिससे उसका पुराना इलाज और रिपोर्ट सुरक्षित रहेगी। जांच के तुरंत बाद इन केंद्रों से जुड़ी फार्मेसी से आवश्यक दवाएं भी निशुल्क या बेहद रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। रिपोर्ट मोबाइल पर मिलने से मरीजों को बार-बार अस्पताल नहीं आना पड़ेगा। नई मशीनों के आने से जांच की गुणवत्ता निजी लैब्स के बराबर होगी। निजी अस्पतालों में हजारों खर्च करने वाले मरीजों को सुविधाएं मिलेंगी। जिला अस्पताल में 134 तरह की जांच, सिविल अस्पताल में 111, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 97 और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 64 प्रकार की जांच की सुविधा मिलेगी। पूरी व्यवस्था हब एंड स्पोक मॉडल पर आधारित होगी। इसके तहत राज्य में एक रेफरल लैब, चार संभागीय लैब, 33 जिला लैब, 12 सिविल अस्पताल लैब और 187 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लैब को जोड़ा जाएगा, जबकि 814 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सैंपल कलेक्शन सेंटर के रूप में काम करेंगे।
अस्पताल आने की जरूरत नहीं, मोबाइल पर मिलेगी रिपोर्ट
इस योजना की सबसे विशेषता इसकी डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली है। जैसे ही लैब में जांच पूरी होगी, उसकी रिपोर्ट सीधे मरीज के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस या व्हाट्सएप के माध्यम से भेज दी जाएगी। इस रिपोर्ट को डॉक्टर सीधे अपने सिस्टम पर भी देख सकेंगे।
