सीएसईबी कॉलोनी के आवासों का डिस्मेंटल कार्य अटका, खाली मकानों में असामाजिक तत्वों समेत बाहरी लोगों का हो रहा कब्जा

कोरबासीएसईबी कॉलोनी पूर्व में कंडम घोषित 428 मकानों का डिस्मेंटल अधूरा छोड़कर ठेका कंपनी भाग गई। खाली मकानों में असामाजिक तत्वों समेत बाहरी लोगों ने कब्जा कर रहना शुरू कर दिया है।
इनकी गतिविधियों की वजह से कॉलोनी में रहने वाले परिवार परेशान हैं। देर रात तक बाहरी लोगों की आवाजाही कॉलोनी में होने से स्थानीय रहवासी खुद को असुरक्षित मान रहे हैं। कॉलोनी में चोरी की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। कॉलोनी के लोगों ने कार्रवाई के लिए प्रशासन व सीएसईबी प्रबंधन से कई बार लिखित शिकायत की, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। कंडम घोषित सभी मकानों को सीएसईबी प्रबंधन की ओर से खाली करा लिया गया था। ज्यादातर मकानों में बाहरी लोगों का कब्जा था। अब डिस्मेंटल अटकने से बिना खिड़की-दरवाजे के छूटे हुए मकानों में असामाजिक तत्वों व बाहरी लोगों ने कब्जा कर लिया है। किसी ने खिड़कियों में ईंट की जोड़ाई कर दी है, तो किसी ने पर्दा लगाया है। अवैध बिजली कनेक्शन भी जोड़ लिए हैं। कॉलोनी के लोगों के मुताबिक फरवरी में दो बार पाड़ीमार जोन के सहायक अभियंता से लिखित शिकायत की गई। कार्रवाई न कर ऐसे तत्वों को संरक्षण दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *