गन्ना रस निकालते समय मशीन में फंसा हाथ, इलाज के लिए कराया गया मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल


कोरबामुड़ापार में गन्ना रस निकालते समय नाबालिग का बायां हाथ मशीन में फंस गया। उसने किसी तरह हिम्मत जुटाकर हाथ तो बाहर निकाल लिए, लेकिन चार उंगली व हथेली में गंभीर चोटें आई। उसे आनन फानन एसईसीएल के विभागीय चिकित्सालय के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया है।
बताया जा रहा है कि मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में रहने वाला करण नामक युवक गन्ना रस का दुकान चलाता है। वह शुक्रवार की दोपहर एक नाबालिग की भरोसे दुकान को छोड़कर नाश्ता करने चला गया। वह नाश्ता कर लौटता, इससे पहले ग्राहक दुकान पहुंचा। नाबालिग ग्राहक के लिए मशीन से गन्ना रस निकाल रहा था। इसी दौरान नाबालिग का बायां हाथ अचानक मशीन में फंस गया। जिससे नाबालिग की चीख निकल गई। उसने किसी तरह मशीन को बंद कर अपना हाथ बाहर निकाला, तब तक उसके हाथ की चार उंगली व हथेली जख्मी हो चुके थे। हाथ से रक्तस्त्राव हो रहा था। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने नाबालिग को समीप ही स्थित एसईसीएल के विभागीय चिकित्सालय में दाखिल कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के पश्चात नाबालिग को मेडिकल कॉलेज अस्पतार रेफर कर दिया गया। गौरतलब है कि श्रम विभाग ने नाबालिगों से जोखिम भरा काम नही लेने नियम कायदे निर्धारित किए हैं, लेकिन जिले में कई ऐसी छोटी बड़ी संस्थाने व ठेला, गुमटी है, जहां नाबालिगों से जोखिमभरे काम लेते देखा जा सकता है। कई प्रतिष्ठानों में नाबालिग के साथ अनहोनी भी घटित हो चुकी है। बहरहाल नाबालिग का उपचार अस्पताल में जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *