
कोरबा– हायर सेकेंडरी (12वीं) की हिंदी विषय की परीक्षा का पेपर लीक होने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल बड़ा निर्णय लेते हुए उक्त परीक्षा को निरस्त कर दिया है। अब यह परीक्षा पुन: 10 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। इसमें कुल जिले से 9246 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पूरे मामले को लेकर आगे की रणनीति और परीक्षा की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा 4 अप्रैल को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है।
बैठक साडा कन्या शाला में दी पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली सुबह 11 से 12 बजे तक में कोरबा व करतला विकासखंड के परीक्षा केंद्रों से जुड़े केंद्राध्यक्ष और शिक्षक शामिल होंगे। वहीं दूसरी पाली दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें कटघोरा, पाली और पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र के केंद्राध्यक्ष व शिक्षक उपस्थित रहेंगे। बैठक में परीक्षा की नई तिथि 10 अप्रैल को ध्यान में रखते हुए प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, वितरण प्रणाली, परीक्षा केंद्रों की निगरानी तथा गोपनीयता बनाए रखने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए सख्त प्रोटोकॉल लागू करने पर भी चर्चा होगी।
