शारदीय नवरात्रि पर मां सर्वमंगला मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 12,106 ज्योति कलश प्रज्वलित

कोरबा- जिले के प्रसिद्ध मां सर्वमंगला मंदिर में शारदीय नवरात्रि 2026 का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। नवरात्रि के पहले दिन से ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय भविष्य की कामना कर रहे हैं। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। ज्योति कलशों की स्थापना के साथ ही पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया है। माता के जयकारों और धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर में उत्सव का माहौल बना हुआ है। कोरबा जिले के अलावा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों और देश के अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंच रहे हैं।
12,106 ज्योति कलशों से जगमगाया माता का दरबार
मंदिर के राजपुरोहित नन्हा पांडे ने बताया कि इस वर्ष शारदीय नवरात्रि के दौरान मां सर्वमंगला मंदिर में कुल 12,106 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं। इनमें 11,000 तेल के और 1,100 घी के ज्योति कलश शामिल हैं। श्रद्धालुओं ने माता के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए ज्योति कलशों की स्थापना कराई है। इन प्रज्वलित ज्योतियों के माध्यम से भक्त नौ दिनों तक माता की आराधना करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *