42वीं सब-जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप 2026: कोरबा के गौरव राज ने जीता कांस्य पदक, स्विमिंग एसोसिएशन ने दी बधाई

कोरबा- जयपुर, राजस्थान में 6 से 9 अगस्त 2026 तक आयोजित 42वीं सब जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में कोरबा जिले के उदीयमान तैराक गौरव राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया है। गौरव ने यह उपलब्धि लड़कों के ग्रुप 3 (अंडर-12 वर्ग) की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में हासिल की। उन्होंने मात्र 01:17:94 (1 मिनट 17.94 सेकंड) का समय निकालकर राष्ट्रीय स्तर पर जिले व राज्य का मान बढ़ाया

इस उपलब्धि पर स्विमिंग एसोसिएशन कोरबा के सचिव अशोक सक्सेना ने गौरव राज को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। श्री सक्सेना ने कहा, “गौरव की यह सफलता सालों की कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतना पूरे कोरबा जिले के लिए गर्व की बात है।”

स्विमिंग एसोसिएशन कोरबा को गौरव राज की इस उपलब्धि पर अत्यंत गर्व है। एसोसिएशन ने उन्हें भविष्य की आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं और उम्मीद जताई है कि वे इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर आगे भी नई ऊंचाइयों को छूते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *