
कोरबा- जिले में सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखने पुलिस सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान चला रही है। जिसके तहत ऑपरेशन शांति चलाकर वारंटियों की धरपकड़ की गई। दो दिनों तक चले ऑपरेशन के दौरान 48 वारंटी पुलिस के हत्थे चढ़े, जिसमें 7 स्थायी व 41 गिरफ्तारी वारंटी शामिल है। वैधानिक कार्रवाई उपरांत वारंटियों को कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। उनके निर्देश अमल करते हुए एएसपी लखन पटले व नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में तमाम थाना चौकी प्रभारियों ने ऑपरेशन शांति शुरू किया है। ऑपेरशन शांति के तहत पुलिस की नजर ऐसे आरोपियों पर थी, जो कोर्ट से जमानत पर रिहा होने के बाद फरार चल रहे थे। उनके खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी हुआ था। पुलिस ने 15 व 16 अप्रैल को ऑपरेशन शांति के तहत 48 वारंटियों को दबोचने में सफलता पाई, जिसमें 7 स्थायी व 41 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। पुलिस ने वारंट की तामिली करते हुए वारंटियों को न्यायालय में पेश कर दिया, जहां से उन्हें जेल दाखिल कराया गया है। जिले में यातायात व्यवस्था को दुरूस्त रखने और सड़क हादसे पर अंकुश लगाने विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बीते दो दिवस के भीतर पुलिस ने 24 ऐसे वाहन चालकों को पकड़ने में सफलता पाई, जो नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। मामले में पकड़े गए चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है।
