
कोरबा– जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी द्वारा कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के तीनों अनुभागों के अनुभागीय अधिकारियों तथा समस्त थाना, चौकी प्रभारियों को त्वरित और सख्त कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के अंतर्गत स्थायी वारंट एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली के लिए विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस द्वारा सघन दबिश अभियान चलाकर लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। 10 अप्रैल को कार्रवाई के दौरान 4 स्थायी एवं 29 गिरफ्तारी वारंटी तामील किए गए, वहीं 11 अप्रैल को 17 स्थायी वारंटी एवं 48 गिरफ्तारी वारंटी तामील किए गए। इस प्रकार दो दिवस के भीतर कुल 21 स्थायी वारंटी एवं 77 गिरफ्तारी वारंटी तामील कर कुल 98 वारंटियों व आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी न्यायालय द्वारा पूर्व में जारी गिरफ्तारी वारंट के बावजूद लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस द्वारा इन पर सतत निगरानी रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर गिरफ्तारी की गई। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अपराध अथवा अवैध शराब के निर्माण/बिक्री संबंधी सूचना तत्काल अपने नजदीकी थाना/चौकी या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी।अभियान के तहत आगे भी अपराधियों एवं वारंटियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
