40 डिग्री पर पहुंचा पारा, रात में भी महसूस हो रही गर्मी, 24 घंटे में और चढ़ेगा तापमान, दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक बाजारों और सड़कों पर आवाजाही काफी कम

कोरबा- सूर्य के तेवर तल्ख हो गए हैं। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। केवल दिन ही नहीं, बल्कि रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे अब देर रात तक उमस व गर्मी का अहसास होने लगा है। आने वाले दो से तीन दिनों में लू जैसे हालात बन सकते हैं।
गर्म हवाओं के थपेड़ों ने दोपहर के समय सड़कों पर सत्राटा पसरने को मजबूर कर दिया है। पिछले एक हफ्ते के भीतर तापमान में करीब 4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। अप्रैल के मध्य में ही मई जैसी तपन महसूस होने लगी है। दोपहर 12 से शाम 4
बजे तक मुख्य बाजारों और सड़कों पर आवाजाही काफी कम हो गई है। बढ़ती गर्मी के कारण बाजार में तरबूज, गन्ने का रस और शीतल पेयों की मांग अचानक बढ़ गई है। एसी व कूलर के लगातार चलने से बिजली की खपत में इजाफा देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ होने और उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के आने से गर्मी बढ़ी है। अगले कुछ दिनों में पारा 43 डिग्री तक जाने की आशंका है। स्वास्थ्य विभाग ने पहले ही एडवाइजरी जारी कर दी है। विभाग का कहना है कि डिहाइड्रेट से बचने प्यास न भी लगे तो भी पानी पीते रहें। नींबू पानी, ओआरएस और छाछ का सेवन करें। बाहर निकलते समय सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *