जिला परिवहन विभाग द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन

कोरबाराष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत आम नागरिकों एवं विशेषकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला परिवहन कार्यालय परिसर कोरबा मे लगातार जागरूकता एवं निरीक्षण संबंधी गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में 18 जनवरी 2026 को जिला परिवहन कार्यालय परिसर में स्कूल बसों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।
जिला परिवहन अधिकारी, विवेक सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह निरीक्षण केंद्रीय मोटरयान नियम 1994 के नियम 71 (ख) एवं (ग) के अंतर्गत किया गया। अभियान के दौरान कुल 16 बिंदुओं पर स्कूल बसों की सघन जांच की गई, जिसमें फिटनेस, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन दरवाजे, स्पीड गवर्नर, ड्राइवर की योग्यता, बस पर आवश्यक संकेतक एवं सुरक्षा मानकों की जांच शामिल रही। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के दौरान कुल 70 स्कूल बसों की जांच की गई। इनमें सरस्वती शिशु मंदिर, सीतामढ़ी की एक स्कूल बस निर्धारित जांच बिन्दु में कमी होने के कारण उस पर 1500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही जो स्कूल बसें निरीक्षण में उपस्थित नहीं हुईं, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी किया गया है।
इस विशेष अभियान में जिला परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा के साथ सदानंद जांगड़े (सहायक वर्ग-दो), संजय वस्त्रकार (सहायक वर्ग-दो), मनोज राठौर (यातायात), शत्रुघ्न ध्रुव बाबू, अनुपम पटेल (उड़न दस्ता प्रभारी) एवं आरक्षक प्रफुल्ल सहित परिवहन विभाग का अमला मौजूद रहा।
परिवहन विभाग ने स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें, ताकि बच्चों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *