
संपूर्ण छत्तीसगढ़ एवं कोरबा नगर के लिए यह अत्यंत गर्व और गौरव का विषय है कि कोरबा के प्रसिद्ध व्यवसायी, सामाजिक, राजनैतिक एवं धार्मिक कार्यकर्ता तथा छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के चेयरमेन अशोक मोदी को इंदौर स्थित सिमचा रिसोर्ट में आयोजित अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में “व्यापार एवं उद्योग समिति” का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है।
इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से संगठन के पदाधिकारी, प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। अधिवेशन के दौरान संगठन के विस्तार एवं समाजहित में विभिन्न योजनाओं के प्रभावी संचालन हेतु 12 अलग-अलग समितियों का गठन किया गया तथा उनके राष्ट्रीय संयोजकों की नियुक्ति की गई।
विशेष बात यह रही कि छत्तीसगढ़ से दो राष्ट्रीय संयोजकों की नियुक्ति की गई। सामान्यतः एक प्रदेश से केवल एक ही राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया जाता है, किन्तु छत्तीसगढ़ में संगठन की योजनाओं एवं गतिविधियों की अभूतपूर्व सफलता को देखते हुए दो पदाधिकारियों को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। इनमें अशोक मोदी को “व्यापार एवं उद्योग समिति” तथा शोभा केडिया को “मंगल परिणय समिति” का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया।
इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए संगठन का आभार व्यक्त करते हुए अशोक मोदी ने कहा कि वे इस पद की गरिमा को सदैव बनाए रखेंगे तथा समाज और राष्ट्रहित में कार्य करते हुए व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े लोगों की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा एवं उनके विकास के लिए संगठन के माध्यम से सकारात्मक पहल की जाएगी।
राष्ट्रीय कार्यसमिति की इस महत्वपूर्ण बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजकों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा सामाजिक, व्यापारिक एवं संगठनात्मक विषयों पर व्यापक चर्चा की। बैठक में अग्रसेन ग्लोबल अवार्ड, युवक-युवती परिचय सम्मेलन, सामूहिक विवाह, शिक्षा सहायता कोष, डिजिटल डेटा बैंक, रोजगार सहायता मंच, सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध अभियान, अग्र पंचायत गठन एवं राष्ट्रीय स्तर पर संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विमर्श किया गया।
अधिवेशन के समापन अवसर पर यह निर्णय लिया गया कि संगठन की आगामी बैठक हरिद्वार में आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी नवनियुक्त संयोजक अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करेंगे तथा उनके कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूचा सहित देश के 16 राज्यों से आए पदाधिकारीगणों एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों की गरिमामय उपस्थिति रही।
