अधिग्रहण के बरसों बाद भी नहीं मिला मुआवजा, एसईसीएल गेवरा प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी


कोरबाएसईसीएल गेवरा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत अमगांव के भू-विस्थापितों ने मुआवजा भुगतान में देरी और प्रबंधन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। लिखित शिकायत करते हुए मोर्चा खोलने की चेतावनी दी है। पीड़ितों का कहना है कि वर्षों पहले जमीन और मकान अधिग्रहित किए जाने के बावजूद आज भी दर्जनों परिवार अपनी जायज राशि के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। पीड़ित ललित कुमार का कहना है कि उनकी संपत्तियों का अर्जन हो चुका है, लेकिन पिछले 6 महीनों से मुआवजे की राशि बिलासपुर मुख्यालय स्तर पर अकारण रोकी गई है। इससे परिवारों के सामने भरण-पोषण और आर्थिक संकट की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। ग्राम अमगांव के ही जोहनराम निर्मलकर ने बताया कि उनकी दिवंगत पुत्री स्व. लता के नाम पर निर्धारित मुआवजा राशि 3 साल बीत जाने के बाद भी नहीं मिली है। उनका कहना है कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे 11 अप्रैल से पूरे परिवार के साथ मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। ग्राम अमगांव के रोहिदास मोहल्ला निवासी बसंती, चैतराम, समरू और अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पूरे गांव का पुनर्वास और मुआवजा हो चुका है, लेकिन विशेष वर्ग के समूह को जानबूझकर उपेक्षित रखा जा रहा है। 2023 में मूल्यांकन होने के बावजूद उन्हें आज तक लाभ नहीं मिला है। भूविस्थापितों का कहना है कि प्रबंधन का रवैया न केवल संवेदनहीन है बल्कि अन्यायपूर्ण भी है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद भी राशि रोकना उनकी मानसिक प्रताड़ना का कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार गुहार लगाई, लेकिन प्रबंधन की उदासीनता खत्म नहीं हो रही है। अब उनके पास आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *