
कोरबा– पसान पुलिस ने महिला के हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार महिला की हत्या उसके प्रेमी ने जंगल में गला दबाकर की थी। आरोपी सुकदेव करियाम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामला 22 फरवरी को सामने आया था, जब पसान निवासी ग्रामीण रामचरण काशीपुरी ने बहखाभर्रा जंगल में एक महुआ पेड़ के पास अज्ञात महिला का शव देखा। महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई गई। सूचना मिलने पर पसान थाने में मर्ग क्रमांक 21/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। शव की शिनाख्त कुम्हारीसानी निवासी गनपत सिंह मरकाम ने अपनी पत्नी जयकुंवर के रूप में की। गवाहों के बयानों से मृत्यु संदेहास्पद पाई गई। जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में 22 फरवरी को दोपहर 3 बजकर 28 मिनट पर मृतिका को आरोपी सुकदेव करियाम के साथ बाइक पर जाते हुए देखा गया। सीएचसी पोड़ी उपरोड़ा के डॉ गजराज की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला दबाना बताया गया, जिसे अस्वाभाविक हत्या करार दिया गया। जांच और परिस्थितिजन्य सबूतों से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी सुकदेव करियाम ही मृतिका को जंगल ले गया था।11 अप्रैल को आरोपी सुकदेव करियाम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि जंगल में उसने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया था। महिला ने विरोध किया तो विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 103 (1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
