
कोरबा– जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाकछार जंगल में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो युवकों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटके हुए पाए गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना के बाद मौका स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
गुरुवार की सुबह लोग बेलाकछार जंगल की ओर गए हुए थे। जहां उन्होंने एक पेड़ पर दो युवकों का शव फंदे पर लटका देखा। घटना की जानकारी के बाद गांव और आसपास क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना बालको थाना पुलिस को दी गई। मृतकों की पहचान प्रमोद कंवर पिता राजेंद्र कंवर और अमित बनर्जी पिता दीपक बनर्जी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने जंगल के भीतर पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस आत्महत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
बॉक्स
घूमने की बात कहकर निकले थे
दरअसल प्रमोद कंवर बुधवार दोपहर करीब 1 बजे अमित माथुर के घर पहुंचा था। इसके बाद दोनों घूमने जाने की बात कहकर निकले थे। देर शाम तक घर न लौटने पर अमित के परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं लगा। पहले उन्हें लगा कि अमित आसपास दोस्तों के साथ होगा। काफी समय बीत जाने और घर न पहुंचने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और अन्य जगहों पर उनकी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
