
कोरबा। अखिल भारतीय किसान सभा के 91 वें स्थापना दिवस पर जिले में किसान सभा का झंडा फहराते हुए सदस्यता अभियान शुरू किया गया। भू विस्थापितों, किसानों को उनके अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प भी किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने लिया।
किसान सभा के अध्यक्ष जवाहर सिंह कंवर ने स्थापना दिवस पर सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज संपूर्ण देश के साथ जिले में किसान सभा जो अखिल भारतीय किसान सभा से संबंध है, जिले में संघर्ष का प्रतीक बन गया है। किसान सभा ने हर गांव में किसान सभा,किसान सभा में हर किसान का नारा दिया है।
किसान सभा के जिला सचिव दीपक साहू ने कहा कि किसान सभा के कार्यकर्ता गांव गांव जाकर सदस्यता करते हुए स्थापना दिवस मना रहे हैं 11 से 30 अप्रैल तक विशेष सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। किसानों को किसान सभा में जोड़ने के साथ किसानों के साथ समस्याओं पर चर्चा कर आगे आंदोलन की रूपरेखा भी बनाई जाएगी। किसान सभा के प्रदेश संयुक्त सचिव प्रशांत झा ने कहा कि जन संघर्षों को संगठित किए बिना संगठन का निर्माण नहीं किया जा सकता और बिना संघर्ष के संगठन भी नहीं बनाया जा सकता। संगठन जितना मजबूत होगा, जन संघर्षों के विस्तार भी उतनी ही तेजी से होगा। जिले में किसान सभा को मजबूत करने की यही कुंजी है।यही वह रास्ता है,जिसके जरिए भू विस्थापितों और गरीब किसानों की आवाज सड़क से विधानसभा तक पहुंचाई जा सकती है। आज कोरबा के भू विस्थापित गरीब किसान जिस चक्की में पिस रही हैं उसके खिलाफ लड़ने के लिए योजनाबद्ध ढंग से संघर्ष विकसित करने की जरूरत है। अभियान में प्रमुख रूप से दामोदर श्याम, रमेश दास,सोनू, हरीश कंवर, हेत राम समेत बड़ी संख्या में किसान सभा के कार्यकर्ता शामिल थे।
