रायफल शूटिंग एकेडमी का कल भव्य शुभारंभ

कोरबा – नगर पालिका निगम कोरबा द्वारा इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर कोरबा में निर्मित राइफल शूटिंग रेंज का कल शनिवार शाम 5.30 बजे भव्य शुभारंभ कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के हाथों संपन्न होगा।
निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय और सभापति नूतनसिंह ठाकुर के सोच और अभिनव पहल से कोरबा के खिलाडिय़ों को निशानेबाजी के गुर सिखाने के लिए स्थान उपलब्ध हो सका है।
स्विमिंग पूल परिसर में बेकार पड़े कमरे को 10 मीटर एअर रायफल और 10 मीटर एअर पिस्टल निशानेबाजी खेल के लिए तैयार किया गया है। निशानेबाजी के खेल में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा पूरे विश्व में है। कोरबा में निशानेबाजी में रुचि रखने वाले सैकड़ों खिलाड़ी हैं लेकिन शूटिंग रेंज और महंगे खेल उपकरण के कारण कोरबा जिले को विशेष सफलता नहीं मिल रही थी। कुछ खिलाड़ी रायपुर, दुर्ग जाकर निशानेबाजी सिखाने मजबूर थे। नगर निगम के अभिनव पहल का लाभ अब कोरबा के निशानेबाजों को निश्चित रूप से मिलेगा और वह बेहतर प्रदर्शन कर कोरबा जिले का नाम छत्तीसगढ़ एवं भारत में रोशन कर सकेंगे।
कोरबा रायफल शूटिंग एकेडमी का शुभारंभ अवसर पर केबिनेट मंत्री लखन लाल देवागन, महापौर संजू देवी के साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में सभापति नूतनसिंह, पार्षद नरेंद्र देवांगन, पार्षद श्रीमती मथुरा बाई चंदा, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नौशाद खान, जिला रायफल संघ के अध्यक्ष महेश अग्रवाल सहित खेल संघ के पदाधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *