
कोरबा- रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर टीपी नगर स्थित होटल महाराजा में कोरबा विकास समिति (रेल) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत विशेष रुप से उपस्थित रहीं। बैठक में उपस्थिजनों ने सर्वसम्मति से कोरबा में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर आंदोलन के रास्ते को अख्तियार करने का सुझाव दिया। सभी उपस्थित नागरिकों का एक स्वर में कहना था कि रेलवे कोरबा से राजस्व की कमाई तो करता है पर सुविधाओं की उपलब्धता के मामले में कोरबा की रेलवे द्वारा की जा रही उपेक्षा को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में तय किया गया कि 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे कोरबा विकास समिति (रेल) का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर से मिलकर कोरबा में रेल सुविधाओं से संबंधित अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेगा। साथ ही कलेक्टर से आग्रह करेगा कि कोरबा विकास समिति (रेल) के प्रतिनिधिमंडल की बैठक कोरबा में ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कराया जाए। इस बैठक में क्षेत्रीय सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत, वाणिज्य उद्योग एवं श्रम मंत्री छग शासन लखनलाल देवांगन सहित जिले के तीनों विधायक, कांग्रेस भाजपा के जिला अध्यक्ष, श्रमिक संगठन, समाजसेवी, व्यापारिक संगठन चेंबर ऑफ कामर्स के प्रतिनिधि सहित अन्य लोग सम्मिलित होंगे। इस बैठक में रेलवे के अधिकारियों पर इस बात का पुरजोर दबाव बनाया जाएगा कि उनके द्वारा रेल सुविधाओं के मामले में कोरबा की उपेक्षा को अब कोरबा का आम नागरिक बर्दाश्त नहीं करेगा। यदि रेलवे समय रहते नहीं चेतता है तो उसे उग्र आंदोलन का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी रेलवे अधिकारियों की ही होगी। बैठक में सभी राजनीतिक दल, चेंबर आफ कामर्स, श्रमिक संगठन, समाजसेवी संगठन, भूविस्थापित संगठन, पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
