
कोरबा- जिले में भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। मौसम विभाग की मानें तो यह तो महज शुरुआत है, 15 अप्रैल के बाद पारा 42 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जाने की संभावना है, जिससे लू का खतरा और गहरा जाएगा।
बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एस एन केशरी ने लोगों को आगाह किया है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच जब धूप सबसे तेज होती है, तब अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। विशेष रूप से बुजुर्गों और बच्चों को इस समय सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों के अनुसार, गर्मी से बचने के लिए शरीर में पानी का स्तर बनाए रखना जरूरी है। पर्याप्त पानी पिएं। ओआरएस घोल, छाछ, लस्सी, नींबू पानी और आम पना का सेवन करें। खाली पेट धूप में बिल्कुल न निकलें। हल्के रंग के सूती और ढीले कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय सिर को टोपी, छतरी या सूती कपड़े से ढककर रखें। कूलर या एसी की ठंडी हवा से निकलकर सीधे तेज धूप में जाने से बचें, क्योंकि इससे तापघात का खतरा बढ़ जाता है।
