कोयलांचल की सड़क की सुधरने लगी सूरत, मरम्मत के बाद लोगों को मिलेगी बड़ी राहत


कोरबाकुसमुंडा क्षेत्र के इमलीछापर मार्ग पर लंबे समय से खराब पड़ी सड़क को आखिरकार दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है, यहां सड़क मरम्मत और डामरीकरण का कार्य जारी है, जिसके चलते फिलहाल लोगों को थोड़ी परेशानी जरूर हो रही है, लेकिन काम पूरा होने के बाद यहां
राहगीरों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अभी स्थिति यह है कि सड़क के एक हिस्से में काम चल रहा है, इसलिए दूसरी तरफ से ही आवाजाही हो रही है। इससे ट्रैफिक पर असर पड़ रहा है और कई बार जाम की स्थिति भी बन रही है। खासकर इमलीछापर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। सड़क बनने के बाद उनकी रोजमर्रा की परेशानी खत्म हो जाएगी। बताया जा रहा है कि यहां पहले सड़क के गड्?ढों को भरा गया है और अब उस पर डामरीकरण किया जा रहा है। फिलहाल पहले इमलीछापर से स्टेशन मार्ग तक सड़क सुधार का काम चल रहा है। इसके बाद दूसरे चरण में इमलीछापर से चर्च स्थित व्यवसायिक कॉम्पलेक्स तक सड़क को ठीक किया जाएगा। जगह-जगह गड्?ढे होने के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। भारी वाहन तो कई बार बीच रास्ते में ही फंस जाते थे। वहीं, सड़क खराब होने की वजह से उड़ने वाली धूल ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। आसपास के दुकानदारों का कहना है कि धूल और खराब सड़क के कारण ग्राहक भी कम आने लगे हैं।
हालत इतनी खराब हो गई है कि रोज दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं। ऐसे में सड़क को जल्द से जल्द सुधारने की मांग लगातार उठ रही थी। इस मार्ग की हालत सुधारने स्थानीय व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने पहले भी आंदोलन किया था। लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। आखिरकार इस दबाव के बाद एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन ने सड़क मरम्मत और डामरीकरण के लिए करीब 1 करोड़ 36 लाख रुपए की राशि मंजूर की। अब उसी स्वीकृति के बाद यहां काम शुरू हो पाया है। हालांकि, निर्माण कार्य के दौरान इमलीछापर मार्ग के दूसरी तरफ से आवाजाही में अभी दिक्कत हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *