
कोरबा– सीएसईबी पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी के मामले को सुलझा लिया है। मामले में एक आरोपी सहित दो अपचारी बालक पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। उनकी निशानदेही पर चोरी गैस सिलेंडर सहित घरेलू सामान को बरामद किया गया है।
मामले में वैधानिक कार्रवाई की गई है। सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत पीपरपारा कोहड़िया में हंसराज खांडे निवास करता है। वह परिवार सहित विवाह कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गया था। उसने अपने मकान में ताला जड़ा था। 1 से 6 अप्रैल के बीच चोरों ने सूने मकान में धावा बोल दिया। शातिर चोर नगदी रकम के अलावा चांवल, गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान की चोरी कर फरार हो गए। विवाह कार्यक्रम से लौटने पर हंसराज को घटना की जानकारी हुई। उसने पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज करा दी। मामले में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए। उनके निर्देश एएसपी लखन पटले व सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने अपनी टीम के साथ आरोपियों की पतासाजी शुरू की। इस दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर पुलिस ने बरपारा कोहड़िया निवासी गणेश चौहान उर्फ राहुल 19 वर्ष व दो नाबालिग से पूछताछ की। उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की बात स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने गैस सिलेंडर, होम थियेटर, नगदी रकम व एक्टिवा क्रमांक सीजी 12 बीएम 4607 को बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है।
