शॉर्ट सर्किट से ट्रांसफार्मर में लगी आग, मची अफरा तफरी

अनहोनी की आशंका से भागे लोग, दुकान की खाली
कोरबा झाबर के विश्राम नगर में उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब अचानक एक ट्रांसफार्मर से चिंगारी के साथ आग की लपटें निकलने लगी। आग ने देखते ही देखते भीषण रूप ले लिया। किसी अनहोनी की आशंका से दुकानदारों ने अपनी दुकान खाली कर दिए। मौके पर पहुंचे विद्युत व दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अफसरों पर अनदेखी के आरोप लगाए हैं।
घटना सोमवार की दोपहर घटित हुई। बताया जा रहा है कि प्रतिदिन की तरह दीपका- पाली मार्ग में लोगों की आवाजाही चल रही थी। इसी दौरान लोगों की नजर झाबर के विश्राम नगर स्थित ट्रांसफार्मर पर पड़ी, जिससे चिंगारियां निकल रही थी। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले चिंगारी आग में तब्दील हो गया। इस आग ने देखते ही देखते भीषण रूप ले लिया। ट्रांसफार्मर को धू धू कर जलते देख लोग सख्ते में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों में किसी अनहोनी की आशंका पर अफरा तफरी मच गई। वे सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। वहीं दुकानदारों ने अपनी दुकान खाली कर दिया। सूचना मिलने पर विद्युत व दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्युत आपूर्ति ठप करते हुए आग पर काबू पाया। घटना में कोई हताहत तो नही हुआ, लेकिन ट्रांसफार्मर में लगी आग ने ग्रामीणों को आक्रोशित कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से ट्रांसफार्मर की स्थिति खराब है, तार खुले में पड़े हैं। कई तार जल चुके हैं, जिससे शार्ट सर्किट की आशंका बनी रहती है। विद्युत विभाग के अफसरों को समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन वे अनदेखी करते आ रहे हैं। विभाग की ओर से सुधार कार्य के लिए किसी तरह की पहल नही की गई। यदि समय रहते सुधार कार्य किया जाता तो यह स्थिति निर्मित नही होती। बहरहाल ट्रांसफार्मर में आग लगने की वजह जानने जांच की जा रही है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि घटना के बाद अफसरों की नींद खुलेगी, वे सुधार कार्य कर व्यवस्था को दुरूस्त रखने पहल करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *