
कोरबा में नव वर्ष के पहले दिन ही कोरबा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की जान चली गई। यह दुर्घटना बांगो थाना क्षेत्र के पोड़ी-उपरोड़ा इलाके में तान नदी पर बने जर्जर गुरसिया पुल पर गुरुवार देर रात हुई। पुरानी बस्ती कोरबा निवासी 21 वर्षीय प्रकाश श्रीवास की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, प्रकाश श्रीवास अपने दो दोस्तों, अनमोल गोस्वामी और हरि गोस्वामी के साथ एक ही स्कूटी पर सवार होकर परला जा रहा था। रात में जब वे जर्जर गुरसिया पुल से गुजर रहे थे, तो गड्ढों से बचते हुए उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराई। इस हादसे में प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद, अनमोल और हरि, जो खुद भी घायल थे, मौके पर ही रुक गए और न तो पुलिस को सूचना दी और न ही परिजनों को। बांगो पुलिस को रात में सूचना मिली कि तीन लोग सड़क पर घायल पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को केवल प्रकाश मिला, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान न होने के कारण पुलिस पहचान के प्रयास कर रही थी। इसी बीच, मृतक के पास मिले मोबाइल पर सुबह फोन आने पर पुलिस को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद ही मृतक के परिजनों को सूचना मिल पाई, जिससे उनके घर में मातम पसर गया। घायल युवकों ने भी सुबह अपने परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी और प्रकाश के परिजनों को सूचित करने का आग्रह किया।
